जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ क्षेत्र के किसान इन दिनों पेट्रोल पंपों की मनमानी से परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि कई पेट्रोल पंपों पर एक ट्रैक्टर में केवल 2 हजार रुपये तक का ही डीजल दिया जा रहा है। ऐसे में दूर-दराज के गांवों से आने वाले किसानों का लगभग 1 हजार रुपये का डीजल आने-जाने में ही खर्च हो जाता है, जबकि खेती के लिए पर्याप्त डीजल नहीं मिल पाता।
किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान खेतों की जुताई, बुवाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए लगातार ट्रैक्टर चलाने की आवश्यकता होती है। लेकिन डीजल की सीमित आपूर्ति के कारण खेती का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों को बार-बार पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही है।
ग्रामीण किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि पेट्रोल पंपों द्वारा की जा रही कथित मनमानी पर रोक लगाई जाए तथा किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि कृषि कार्य समय पर पूरे हो सकें।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो खेती का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित होगा, जिसका असर उत्पादन पर भी पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर किसानों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।








