छत्तीसगढ़

ब्रेकिंग न्यूज: धरमजयगढ़ में हाथी से टकराई बाइक, चार युवक घायल; तीन रायगढ़ रेफर

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

धरमजयगढ़ क्षेत्र के कोयलार के पास देर रात हाथी से टकराने की घटना में चार युवक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार क्रोंधा निवासी चार युवक गरबा देखकर दो मोटरसाइकिलों से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोयलार के पास एक मोटरसाइकिल में सवार दो युवक कथित तौर पर हाथी से टकरा गए। बताया जा रहा है कि पीछे आ रही दूसरी मोटरसाइकिल भी पहली बाइक से टकरा गई, जिससे चारों युवक घायल हो गए।

हाथी से टक्कर की खबर पर वन विभाग सतर्क

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम देर रात ही घटनास्थल पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। वन विभाग की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर हाथी से टक्कर होने की पुष्टि करने वाला कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिला। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि आखिर हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या वास्तव में मोटरसाइकिल सवार हाथी से टकराए थे?

हादसे की असली वजह क्या है?

घायलों की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार, पहली मोटरसाइकिल हाथी से टकराई और उसके पीछे चल रही दूसरी मोटरसाइकिल उससे भिड़ गई। हालांकि, घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों और वन विभाग की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल चारों युवकों के घायल होने की घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। तीन घायलों को रायगढ़ रेफर किए जाने के चलते हादसे की गंभीरता भी सामने आई है। अब देखना होगा कि वन विभाग की जांच में घटना की वास्तविक वजह क्या निकलकर सामने आती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts