छत्तीसगढ़

क्या सांसद को अंधेरे में रखकर कराया गया भूमि पूजन? KPCL को आवंटित जमीन पर निर्माण को लेकर उठे सवाल …भारतमाला सड़क का एलाइनमेंट बदला, फिर उसी क्षेत्र में निर्माण की अनुमति कैसे? 

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

धरमजयगढ़ में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति द्वारा गोदाम एवं कार्यालय निर्माण के लिए कराए गए भूमि पूजन को लेकर अब कई सवाल उठने लगे हैं। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया से 9 सितंबर को भूमि पूजन कराया गया। लेकिन जिस स्थान पर निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन किया गया, उसी जमीन को लेकर कोयला ब्लॉक आवंटन और भारतमाला सड़क परियोजना के एलाइनमेंट में बदलाव का मामला सामने आने से पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित भूमि को कोयला मंत्रालय द्वारा कोल ब्लॉक के लिए KPCL को आवंटित किया गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसी परियोजना के लिए जमीन आवंटित की जा चुकी है, तो उसी क्षेत्र में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के गोदाम एवं कार्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन किस आधार पर कराया गया? क्या निर्माण से पहले जमीन के स्वामित्व, आवंटन और उपयोग की स्थिति की जांच की गई थी?

भारतमाला सड़क का एलाइनमेंट बदला, अब निर्माण पर सवाल

इस मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू भारतमाला सड़क परियोजना से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में वर्तमान में गोदाम एवं कार्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया है, वहां से पहले भारतमाला परियोजना के तहत सड़क निर्माण प्रस्तावित था। लेकिन KPCL को कोल ब्लॉक के लिए जमीन आवंटित होने के कारण लगभग 7 किलोमीटर सड़क का एलाइनमेंट बदल दिया गया। दावा यह भी है कि इस परियोजना के तहत मुआवजे का भुगतान किया जा चुका है। यहां सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भारतमाला सड़क परियोजना के निर्धारित मार्ग में KPCL को जमीन आवंटित होने के कारण बदलाव करना पड़ा, तो उसी क्षेत्र में दूसरे निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन कैसे कराया गया? क्या संबंधित निर्माण के लिए अलग से अनुमति दी गई है? क्या जमीन का उपयोग बदलने या निर्माण की अनुमति लेने की कोई प्रक्रिया अपनाई गई?

क्या सांसद को जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी थी?

भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया की उपस्थिति को लेकर भी चर्चा हो रही है। यदि संबंधित जमीन KPCL को कोल ब्लॉक के लिए आवंटित है और उसके कारण भारतमाला सड़क का एलाइनमेंट भी बदला गया है, तो यह जानना महत्वपूर्ण होगा कि भूमि पूजन के समय सांसद को जमीन की वास्तविक स्थिति और आवंटन संबंधी जानकारी दी गई थी या नहीं। समिति और संबंधित विभागों को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके।

नव पदस्थ SDM प्रवेश पैंकरा ने कहा, मामले की जानकारी लेकर करूंगा जांच

इस संबंध में धरमजयगढ़ के नव पदस्थ एसडीएम प्रवेश पैंकरा से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे पता करेंगे कि मामला क्या है। एसडीएम के इस बयान के बाद अब प्रशासन की अगली कार्यवाही पर नजर रहेगी। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राजस्व विभाग जमीन के दस्तावेजों, आवंटन की स्थिति और निर्माण की अनुमति की जांच करता है या नहीं।

जांच से स्पष्ट होंगी कई महत्वपूर्ण बातें

इस पूरे मामले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति, KPCL, संबंधित राजस्व अधिकारियों और भारतमाला परियोजना से जुड़े विभागों का पक्ष सामने आना जरूरी है। जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि संबंधित जमीन की वर्तमान स्थिति क्या है? अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब KPCL को कोल ब्लॉक के लिए जमीन आवंटित होने के कारण भारतमाला सड़क परियोजना का एलाइनमेंट बदला जा सकता है, तो उसी क्षेत्र में गोदाम एवं कार्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन कराने का आधार क्या है?

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts