जोहार छत्तीसगढ़-रायगढ़।
छत्तीसगढ़ के तेजतर्रार और संवेदनशील छवि वाले आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह अब दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा संभालेंगे। उन्हें दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) में CISF के DIG के रूप में पदस्थ किया गया है। दिल्ली मेट्रो को राजधानी की लाइफ लाइन कहा जाता है। 271 स्टेशनों वाली यह त्वरित परिवहन प्रणाली दिल्ली के साथ-साथ यूपी और हरियाणा के लाखों यात्रियों को रोजाना सफर कराती है। हाल ही में 17 सितंबर को दिल्ली मेट्रो ने एक दिन में 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही का रिकॉर्ड बनाया था। इतनी बड़ी प्रणाली की सुरक्षा की कमान अब छत्तीसगढ़ के इस जांबाज अफसर के हाथों में है।
सुरक्षा प्रबंधन में माहिर हैं संतोष सिंह
संतोष सिंह को यह महत्वपूर्ण दायित्व उनके सुरक्षा प्रबंधन के लंबे अनुभव और प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए दिया गया है। वे अभी हैदराबाद में DIG साउथ जोन-2 के रूप में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक और रणनीतिक प्रतिष्ठानों व पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
11 जिलों में रहा कार्यकाल, 9 जिलों में रहे कप्तान
छत्तीसगढ़ में विवादों से दूर रहकर परिपक्व और सामुदायिक पुलिसिंग के लिए पहचाने जाने वाले संतोष सिंह का प्रदेश में काफी लंबा अनुभव रहा है। वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव समेत कुल 9 जिलों में एसपी और एसएसपी के रूप में पदस्थ रहे हैं। इसके अलावा सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दी हैं। कुल मिलाकर वे छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।








