जोहार छत्तीसगढ़ – रायगढ़।
चक्रवाती तूफान अर्बन के प्रभाव और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रायगढ़ जिले में 30 अक्टूबर 2026, को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी, रायगढ़ द्वारा 29 अक्टूबर को जारी आदेश में विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाईस्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालय 30 अक्टूबर को बंद रहेंगे। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर चक्रवाती तूफान के प्रभाव और अति वर्षा की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
आदेश तत्काल प्रभावशील
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आदेश की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर सहित संबंधित शिक्षा अधिकारियों और जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधान पाठकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। प्रशासन का यह निर्णय खराब मौसम की आशंका के बीच विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।








