छत्तीसगढ़

सोना चमकाने के नाम पर लाखों के जेवर लेकर फरार, धरमजयगढ़ में ठगी से मचा हड़कंप

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

धरमजयगढ़ में सोना चमकाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। दो अज्ञात व्यक्ति बर्तन और चांदी के सामान की सफाई करने के बाद सोना साफ करने का झांसा देकर लाखों रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मामला पुलिस तक पहुंच गया है।

बर्तन और चांदी के सामान की सफाई के बाद जीता भरोसा

मिली जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ के बहेरापारा निवासी सोनू ठाकुर के घर दो व्यक्ति पहुंचे। उन्होंने पहले बर्तन और चांदी के सामान की सफाई की। इसके बाद दोनों ने सोने के जेवर चमकाने की बात कही। उनकी बातों पर भरोसा करते हुए घरवालों ने करीब 8 से 10 लाख की सोना साफ करने के लिए उन्हें दे दिया।

हल्दी-पानी और केमिकल का झांसा देकर हुए गायब

बताया जा रहा है कि दोनों व्यक्तियों ने सोने को एक कटोरी में डालकर उसमें हल्दी, पानी और केमिकल मिलाया। इसके बाद उन्होंने कटोरी को करीब 10 मिनट तक उबालने के लिए कहा और चेतावनी दी कि इसमें केमिकल मिला है, इसलिए इसे हाथ न लगाएं। इसी दौरान दोनों ने यह कहकर घर से विदा ली कि वे बगल के घर से होकर वापस आ रहे हैं। लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी वे वापस नहीं लौटे। इस तरह सोने के जेवर लेकर दोनों आरोपी फरार हो गए।

थाने में लिखित शिकायत, पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने धरमजयगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अब पुलिस के सामने मामले की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती है। हालांकि, आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि सोना-चांदी साफ करने का दावा करने वाले अनजान व्यक्तियों पर आसानी से भरोसा न करें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपने कीमती जेवर सौंपने से बचें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

सावधानी ही बचाव है

थोड़े से लालच या भरोसे में की गई लापरवाही से बड़ी आर्थिक क्षति हो सकती है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले की जांच में कब तक आरोपियों तक पहुंच पाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts