छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 2027 की छुट्टियों का कैलेंडर जारी, 130 दिन रहेगा अवकाश कर्मचारियों को मिलेंगी 3 ऐच्छिक छुट्टियां, इस बार 5 छुट्टियां हुईं कम

जोहार छत्तीसगढ़-रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सार्वजनिक, सामान्य और ऐच्छिक अवकाश की सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी यह अधिसूचना 27 अक्टूबर को राजपत्र में प्रकाशित की गई है। आदेश सचिव अविनाश चंपावत ने जारी किया है। नए कैलेंडर में सार्वजनिक और सामान्य अवकाश के साथ सरकारी कर्मचारियों के लिए 51 ऐच्छिक छुट्टियां भी निर्धारित की गई हैं। कर्मचारी इनमें से अपनी पसंद के अनुसार अधिकतम तीन छुट्टियां ले सकेंगे। जारी विवरण के अनुसार, साल में रविवार और शनिवार सहित कुल 130 दिन अवकाश रहने तथा 235 दिन कार्य दिवस होने का अनुमान है।
सार्वजनिक अवकाश की सूची में 15 दिन शामिल
सरकार ने वर्ष 2027 के लिए 15 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हैं। ये अवकाश बैंकों और कोषालयों को छोड़कर अन्य संबंधित संस्थानों पर लागू होंगे। सूची में गणतंत्र दिवस, संत रविदास जयंती, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, गुड फ्राइडे, होली, महावीर जयंती, ईद-उल-जुहा, बुद्ध पूर्णिमा, मोहर्रम, कृष्ण जन्माष्टमी, गांधी जयंती, दीपावली और क्रिसमस जैसे प्रमुख त्योहार शामिल हैं। इसके अलावा, 1 अप्रैल को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी का अवकाश रहेगा, जो केवल बैंकों और कोषालयों के लिए निर्धारित है।
पांच छुट्टियों में कटौती, रविवार को पडऩे वाले पर्व अलग से शामिल नहीं
जारी जानकारी के अनुसार, पिछले कैलेंडर की तुलना में इस बार छुट्टियों में पांच की कटौती की गई है। स्वतंत्रता दिवस और ईद-ए-मिलाद 15 अगस्त, दशहरा 10 अक्टूबर तथा गुरु नानक जयंती 14 नवंबर को रविवार पडऩे के कारण इनके लिए अलग से अवकाश घोषित नहीं किया गया है। रविवार को पडऩे वाले अन्य अवकाशों का भी कर्मचारियों को अलग से लाभ नहीं मिलेगा।

सामान्य अवकाश: प्रमुख त्यौहारों और जयंती पर मिलेगी छुट्टी
सरकार ने सामान्य अवकाश की सूची में छेरछेरा, होली, गुड फ्राइडे, माता कर्मा जयंती, डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती, रामनवमी, महावीर जयंती, ईद-उल-जुहा, बुद्ध पूर्णिमा, मोहर्रम, कबीर जयंती, हरेली, विश्व आदिवासी दिवस, रक्षाबंधन, कृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गांधी जयंती, दीपावली, छठ पूजा, गुरु घासीदास जयंती और क्रिसमस जैसे अवसरों को शामिल किया है। सामान्य अवकाश की सूची में कुल 25 छुट्टियां घोषित किए जाने का उल्लेख है। हालांकि, इनमें से दो छुट्टियां शनिवार को पडऩे के कारण वास्तविक अवकाश की गणना में अंतर हो सकता है।
ऐच्छिक अवकाश-51 में से केवल तीन चुनने की पात्रता
सरकारी कर्मचारियों के लिए 51 ऐच्छिक अवकाश निर्धारित किए गए हैं। कर्मचारी अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के अनुसार इनमें से अधिकतम तीन छुट्टियां ले सकेंगे।
ऐच्छिक अवकाश की सूची में नववर्ष दिवस, लुई ब्रेल दिवस, शहीद नंदकुमार पटेल दिवस, गुरु गोविंद सिंह जयंती, मकर संक्रांति, बसंत पंचमी, वीरांगना अवंतीबाई बलिदान दिवस, रंगपंचमी, गुड़ी पड़वा, बैसाखी, हनुमान जयंती, सेन जयंती, शंकराचार्य जयंती, छत्रसाल जयंती, वट सावित्री, हरछठ, पोला, गणेश चतुर्थी, नवाखाई, डोल ग्यारस, अनंत चतुर्दशी, विश्वकर्मा जयंती, सर्वपितृ मोक्ष अमावस्या, महर्षि वाल्मीकि जयंती, करवाचौथ, गोवर्धन पूजा और संत नामदेव जयंती सहित कई पर्व शामिल हैं। रविवार को पडऩे के कारण माता सावित्रीबाई फुले जयंती (3 जनवरी) और विश्व हिंदी दिवस (10 जनवरी) समेत 11 ऐच्छिक अवकाश सूची में शामिल नहीं किए गए हैं।

2027 की छुट्टियां पर एक नजर

रविवार: 52 दिन शनिवार: 52 दिन, सामान्य अवकाश: 25 घोषित, जिनमें दो शनिवार को पड़ रहे हैं
ऐच्छिक अवकाश-51 में से अधिकतम 3 लेने की पात्रता,कुल अवकाश-130 दिन,कार्य दिवस-235 दिन,इस तरह छत्तीसगढ़ सरकार के वर्ष 2027 के अवकाश कैलेंडर में प्रमुख राष्ट्रीय पर्वों, धार्मिक त्यौहारों और राज्य की सांस्कृतिक परंपराओं को शामिल किया गया है। हालांकि, कुल छुट्टियों और कार्य दिवसों की अंतिम गणना संबंधित विभागों के लागू आदेशों और वास्तविक साप्ताहिक अवकाश के आधार पर देखी जानी चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts