जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार कोरबा निवासी युवक शराब के नशे में सड़क पर चलते समय अपना संतुलन खो बैठा और निर्माणाधीन सड़क पर रखी गिट्टी के ढेर में जा गिरा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं हाथ की उंगली भी टूट गई है। घटना के बाद घायल युवक को उपचार के लिए 108 से धरमजयगढ़ सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर जगह-जगह गिट्टी और निर्माण सामग्री रखे होने के कारण वाहन चालकों एवं राहगीरों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। वहीं शराब के नशे में सड़क पर चलना भी गंभीर हादसों का कारण बनता है।








