जोहार छत्तीसगढ़-लैलूंगा।
लैलूंगा-पत्थलगांव मुख्य मार्ग के राजपुर क्षेत्र की वर्षों से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। इस संबंध में उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लैलूंगा को ज्ञापन सौंपते हुए सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि राजपुर की सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों तथा प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। इस विषय में पहले भी कई बार आवेदन, निवेदन किये जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। रवि भगत ने प्रशासन से मांग की है कि 11 जुलाई तक सड़क के निर्माण अथवा मरम्मत का कार्य प्रारंभ कराया जाए। यदि तय समय सीमा तक कोई कार्यवाही नहीं होती है, तो 12 जुलाई को राजपुर बाजार के पास जनहित में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्त स्थिति की जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।








