जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ विकासखंड के सिसरिंगा ग्राम पंचायत अंतर्गत गणेशपुर में करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय की निर्माण गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और गुणवत्ता मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि 23 जून को भाजपा की एक टीम ने निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने निर्माण कार्य में कई अनियमितताओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। मौके पर बीम में दरारें दिखाई देने का दावा किया गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।

आप चित्र में देख सकते हैं कि करोड़ों रूपये खर्च कर केन्द्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को ठेकेदार किस तरह से पलीता लगा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा स्वीकृत एस्टीमेट के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निम्न गुणवत्ता की सामग्री से निर्माण कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में भवन की मजबूती और छात्रों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने, गुणवत्ता की निष्पक्ष समीक्षा करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। अब देखना है कि केन्द्र सरकार का महत्वाकांक्षी योजना के तहत सिसरिंगा के गणेशपुर में बन रहे गुणवत्ता विहिन एकलव्य आवासीय विद्यालय पर प्रशासन क्या कार्यवाही करते हैं।








