जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
भारतीय संविधान प्रचारिणी सभा, भारत के तत्वावधान में धरमजयगढ़ स्थित राठिया सामुदायिक भवन में देश के 23वें दो दिवसीय संविधान मेले 10 एवं 11 अक्टृबर को आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य आम लोगों, युवाओं एवं विद्यार्थियों में भारतीय संविधान के प्रति जानकारी, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। आयोजन के दौरान संविधान आधारित विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें संविधान प्रदर्शनी, संविधान प्रदर्शनी प्रतियोगिता, चलित संविधान पाठशाला, सामूहिक संविधान पठन, सामूहिक संविधान संदेश, निबंध लेखन प्रतियोगिता, संविधान की विस्तृत व्याख्या, भाषण प्रतियोगिता, तात्कालिक भाषण, प्रश्नोत्तरी, नाटक मंचन प्रतियोगिता, जन संसद तथा गीत-संगीत प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही संविधान ज्ञान परीक्षा का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार मेले में प्रतिदिन बड़ी संख्या में प्रतिभागी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं बौद्धिक मित्रों के साथ संविधान मेले में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।








