जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत धरमजयगढ़ नगर में नगर पंचायत एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। रैली में स्कूली बच्चों के साथ नगर पंचायत की स्वच्छता दीदियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। स्वच्छता रैली की शुरुआत गांधी चौक से हुई। यहां से रैली बस स्टैंड होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से निकली और अटल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान स्कूली बच्चे एवं स्वच्छता दीदियां हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर स्वच्छता के महत्व को बताते हुए लोगों को यह संदेश दिया गया कि केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नगर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। घर, दुकान और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ कचरे का उचित निपटान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा भाव से मनाने के क्रम में 17 सितंबर को नगरवासियों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया था। इसके बाद सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता रैली निकालकर स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश दिया गया। रैली में बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बनाया। बच्चों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सुथरे वातावरण के महत्व को बताया। वहीं नगर पंचायत की स्वच्छता दीदियों ने भी लोगों से नियमित रूप से घर एवं आसपास के क्षेत्र की सफाई रखने और नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। स्वच्छता रैली के माध्यम से नगर पंचायत एवं शिक्षा विभाग ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छ नगर केवल अभियान से नहीं, बल्कि नागरिकों की निरंतर सहभागिता से बनता है। सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और धरमजयगढ़ को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया गया।








