छत्तीसगढ़

तालाब नहाने गई 3 सहेली के मिले शव,गांव में पसरा मातम

जोहार छत्तीसगढ़-कोरबा।
जिले के पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। अलगू तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। एक ही बस्ती की रहने वाली और आपस में सहेलियां तीनों बच्चियों की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, हर आंख नम हो गई।बताया जा रहा है कि 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना गुरुवार दोपहर तालाब में नहाने गई थी। काफी देर तक जब तीनों घर वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई। ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की, इसी दौरान पानी में एक बच्ची का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से खोज अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद तालाब से दोनों अन्य बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए। तीनों मासूमों की मौत की खबर से परिवारों में मातम पसर गया। जिन गलियों में कुछ घंटे पहले बच्चियों की चहचहाहट गूंज रही थी, वहां अब सन्नाटा और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। एक ही बस्ती से जब तीन मासूमों की अर्थियां एक साथ उठीं, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना सामने आया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की आगे जांच कर रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts