छत्तीसगढ़

सरिया नाला में समाया ट्रक, अंदर फंसा था चालक… भारी मशक्कत के बाद पुलिस ने बरामद किया शव, क्रेन और रायगढ़ से आए गोताखोरों की मदद से चला रेस्क्यू अभियान

जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रक क्रमांक सीजी 22 एक्स 8123 करीब सुबह 6 बजे सरिया नाला में अनियंत्रित होकर जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक पूरी तरह पानी में डूब गया। हादसे के बाद ट्रक चालक भी वाहन के अंदर ही फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस तत्काल हरकत में आई। थाने में पदस्थ महिला एएसआई मंजू मिश्रा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और सबसे पहले ट्रक तथा चालक की स्थिति का पता लगाने के लिए खोजबीन शुरू की। घटनास्थल पर ट्रक पानी के अंदर डूबा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चालक बाहर निकला या ट्रक के साथ ही डूब गया, बना रहा संशय

हादसे के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह पता लगाना था कि ट्रक के नाले में गिरने के दौरान चालक किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर चला गया या फिर ट्रक के साथ ही पानी में डूब गया। काफी देर तक चालक के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाने के कारण घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ती रही। पुलिस ने तत्काल क्रेन बुलवाकर पानी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास किया। हालांकि ट्रक पानी में फंसा होने के कारण शुरुआती प्रयास में उसे बाहर निकालना संभव नहीं हो सका। इसके बाद स्थानीय नागरिकों की मदद ली गई और रायगढ़ से गोताखोरों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

गोताखोरों ने पानी के अंदर शुरू की तलाश

क्रेन, स्थानीय नागरिकों और रायगढ़ से पहुंचे गोताखोरों की टीम ने मिलकर पानी में डूबे ट्रक की तलाश शुरू की। पानी के अंदर दृश्यता कम होने और ट्रक पूरी तरह डूबे होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई प्रयासों के बाद ट्रक के अंदर चालक के फंसे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद पानी में डूबे ट्रक के अंदर से चालक का शव बाहर निकालने में सफलता हासिल की। शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भी शोक का माहौल देखा गया।

सुबह से घटनास्थल पर डटी रही पुलिस टीम

हादसे की सूचना मिलने के बाद से ही धरमजयगढ़ पुलिस की टीम लगातार घटनास्थल पर मौजूद रही। एएसआई मंजू मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी, श्याम देव साहू, जगजीत राठिया, महिला प्रधान आरक्षक कलोस्टीका बड़ा, आरक्षक ललित राठिया, आलेकसुस एक्का और अनुप जनसन सहित पुलिसकर्मी बचाव कार्य में जुटे रहे। कई घंटे तक चले इस रेस्क्यू अभियान के बाद चालक का शव बरामद किया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं ट्रक नाले में किन परिस्थितियों में गिरा, हादसे का वास्तविक कारण क्या था और चालक वाहन पर से नियंत्रण कैसे खो बैठा, इन सभी बिंदुओं को लेकर पुलिस जांच कर रही है। सरिया नाला में हुए इस हादसे ने एक बार फिर इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना संभावित स्थानों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts