जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़-रायगढ़ मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। सरिया नाला के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक पानी में डूब गया, जबकि ट्रक चालक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी। पानी में ट्रक के डूबे होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चालक ट्रक के अंदर फंसा हुआ है या हादसे के बाद किसी तरह बाहर निकलकर चला गया। पुलिस द्वारा चालक की तलाश के साथ-साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है। ट्रक को पानी से बाहर निकालने के बाद ही हादसे की स्थिति और चालक के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद है और चालक की खोजबीन में जुटी हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई है।








