जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
अघरिया धाम में 4 सितंबर 2026 को महिला मोर्चा की विशेष परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष मंजिला एक्का की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की जिला महामंत्री वीणा विश्वास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी राठिया एवं मंडल मंत्री सुमित्रा चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष के आत्मीय स्वागत के साथ हुई। परिचयात्मक बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की नई एवं पुरानी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि वीणा विश्वास ने संगठन को मजबूत बनाने में महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि महिलाएं संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी से संगठन को और मजबूती मिलती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन हित में सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।अध्यक्ष मंजिला एक्का ने बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का परिचय कराया तथा संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठनात्मक गतिविधियों में सहभागिता निभाने की अपील की। बैठक में महिला मोर्चा की विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।








