जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियानÓ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प बाइक यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होकर आगे बढ़ रही है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 1 अक्टूबर को बाइक यात्रा धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के लिए भाजपा एवं भाजयुमो द्वारा अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा के निर्देशानुसार तथा भाजपा रायगढ़ जिलाध्यक्ष अरुणधर दीवान एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुमीत शर्मा के आह्वान पर कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बाइक रैली कार्यक्रम व्यवस्था की जिम्मेदारी भाजयुमो जिला अध्यक्ष शशांक पाण्डेय एवं भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष शशि पटेल को सौंपी गई है। इसके अलावा प्रत्येक कार्यक्रम के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, ताकि पूरी व्यवस्था में संगठनात्मक समन्वय बना रहे और कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हो सके।
हाटी में स्वागत, 500 बाइक से धरमजयगढ़ में होगा प्रवेश
जानकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे बाइक रैली धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। हाटी में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रैली का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद करीब 500 बाइक के साथ विशाल बाइक रैली धरमजयगढ़ की ओर रवाना होगी। शाम करीब 4 बजे रैली के धरमजयगढ़ पहुंचने की जानकारी दी गई है। धरमजयगढ़ पहुंचने के बाद दशहरा मैदान में लाभार्थी सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल
धरमजयगढ़ में आयोजित कार्यक्रमों में अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं द्वारा रैली के स्वागत और कार्यक्रमों की व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर स्वच्छता और पौधरोपण
2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर भी सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। सुबह गांधी प्रतिमा तथा अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही दोनों स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद सेवा कार्य के तहत धरमजयगढ़ स्थित कॉलेज परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सभी अतिथियों द्वारा पौधरोपण करने के बाद नाश्ता कर धरमजयगढ़ से जशपुर जिले के लिए प्रस्थान करेंगे।
बाकारूमा में भी होगा स्वागत
धरमजयगढ़ से जशपुर की ओर रवाना होने वाली बाइक रैली एवं अतिथियों का बाकारूमा मंडल द्वारा बाकारूमा में स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सेवा संकल्प बाइक यात्रा जशपुर जिले में प्रवेश करेगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के अनुसार सेवा संकल्प बाइक यात्रा का उद्देश्य युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोडऩा है। छत्तीसगढ़ में यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।








