छत्तीसगढ़

धरमजयगढ़ नगर में करोड़ों के विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार… 17 विकास कार्यों की करीब 15 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया पूर्ण, गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा—सीएमओ शुक्ला

जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।

धरमजयगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर नगरवासियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रही है। विकास कार्यों को लेकर समय-समय पर आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आते रहे। अब शासन से करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत होने के बाद नगर में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धरमजयगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी राशि स्वीकृत किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने निर्माण कार्यों की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। नगर पंचायत द्वारा विभिन्न विकास कार्यों के लिए निविदा आमंत्रित की गई, मिली जानकारी के अनुसार करीब 17 विकास कार्यों के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। अब इन कार्यों के धरातल पर शुरू होने जा रहे हैं।

लंबे समय से विकास कार्यों को लेकर उठते रहे सवाल

धरमजयगढ़ नगर में गौरव पथ, सीसी सड़क, नाली, सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न विकास कार्यों की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। कई स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने की आवश्यकता है। ऐसे में करोड़ों रुपये की स्वीकृति नगर के विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नगरवासियों की उम्मीद है कि स्वीकृत राशि का उपयोग योजनाबद्ध तरीके से किया जाए और जिन क्षेत्रों में विकास कार्यों की आवश्यकता सबसे अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जाए। विकास कार्य शुरू होने के साथ ही इसकी गुणवत्ता और समय-सीमा पर भी लोगों की नजर रहेगी।

गुणवत्ता को लेकर प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

धरमजयगढ़ नगर पंचायत में पूर्व में हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर चर्चाएं और सवाल उठते रहे हैं। कई बार सड़क एवं अन्य निर्माण कार्यों के जल्दी खराब होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसे में अब जब नगर में करोड़ों रुपये के विकास कार्य होने जा रहे हैं, तो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखना नगर पंचायत प्रशासन के सामने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। सरकार द्वारा विकास के लिए जारी राशि का सही उपयोग हो, निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप हो और जनता को लंबे समय तक उसका लाभ मिले, इसके लिए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ ठेकेदारों की भी जवाबदेही तय होना जरूरी है।

गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं—सीएमओ शुक्ला

नगर पंचायत सीएमओ प्रभाकर शुक्ला ने विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्पष्ट कहा कि शासन द्वारा नगर के विकास के लिए जारी राशि का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। ठेकेदार की पहुंच चाहे जितनी भी हो, निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और मापदंडों के अनुसार ही कराया जाएगा। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की राशि का उद्देश्य नगर का विकास करना है और इस राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनता की भी रहेगी नजर

अब जब करीब 15 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, तो नगरवासियों की नजर इन कार्यों के क्रियान्वयन पर रहेगी। लोगों की अपेक्षा है कि निर्माण कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो। करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले इन विकास कार्यों से यदि गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का पूरा ध्यान रखा गया तो धरमजयगढ़ नगर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। वहीं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करना प्रशासन के साथ-साथ जनता और जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts