जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
भारतीय जनता पार्टी मंडल धरमजयगढ़ के नवगठित मंडल पदाधिकारियों ने बुधवार को मंडल अध्यक्ष भरत लाल साहू के नेतृत्व में क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से परिचयात्मक भेंट-मुलाकात की। मंडल गठन के बाद पहली बार पदाधिकारियों ने अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की। भाजपा मंडल पदाधिकारियों का दल सबसे पहले नगर पंचायत कार्यालय पहुंचा, जहां अधिकारियों से नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से कानून-व्यवस्था एवं आम जनता से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

इसके पश्चात भाजपा पदाधिकारियों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार से मुलाकात की। इस दौरान राजस्व संबंधी कार्यों, ग्रामीणों की समस्याओं, शासकीय योजनाओं तथा आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में चर्चा की गई। वहीं वन विभाग कार्यालय पहुंचकर डीएफओ से भी परिचयात्मक मुलाकात की गई और क्षेत्र में वन विभाग से जुड़े विषयों तथा शासन की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली गई। भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत लाल पटेल ने कहा कि मंडल पदाधिकारियों के गठन के बाद अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आवश्यक थी। इसका उद्देश्य किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक बेहतर तरीके से पहुंचे और क्षेत्र की समस्याओं का विभागीय स्तर पर निराकरण हो, इस दिशा में समन्वय स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार गांव और वार्ड स्तर पर जनता के बीच रहते हैं, इसलिए उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी रहती है और वे पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग कर सकते हैं। अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय रहने से आम जनता की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी। इस दौरान भाजपा मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान अधिकारियों ने भी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विभागीय योजनाओं और कार्यों की जानकारी साझा की। कुल मिलाकर भाजपा मंडल की यह पहल प्रशासन और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








