जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत नगर पंचायत धरमजयगढ़ में पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 14, कोटवारीपारा के 14 पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। अनुज्ञा पत्र मिलने से हितग्राहियों के अपने पक्के मकान के सपने को साकार करने की राह कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत अध्यक्ष ने पात्र हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र प्रदान किए। हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र के साथ गमछा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने पर बधाई देते हुए आवास निर्माण कार्य को शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराने की बात कही। अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में धनमती चौहान, विदेशी चौहान, बासुकी पात्र, मानमती चौहान, शांति बाई आगरिया, किरण देवी विश्वकर्मा, फूलाबाई, श्यामाबाई चौहान, रोजलिन टोप्पो, नाहरी चौहान एवं सुनीता सहित अन्य पात्र हितग्राही शामिल रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में हितग्राहियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ मिलने से उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा और वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रहे परिवारों को अपना आशियाना मिल सकेगा। उन्होंने सभी हितग्राहियों को अनुज्ञा पत्र प्राप्त होने पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार ने भी हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की आवास योजना का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने हितग्राहियों से योजना से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया एवं नियमों का पालन करते हुए आवास निर्माण कराने की अपील की। इस अवसर पर पार्षद विजय यादव, टारजन भारती, नरेश राठिया, अजय राठिया, एल्डरमैन अनिल पांडेय, नीरज अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पंचायत से जुड़े लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। हितग्राहियों ने शासन की आवास योजना के माध्यम से अपने परिवार के लिए पक्का मकान बनने की उम्मीद जताई और योजना का लाभ मिलने पर खुशी व्यक्त की।








