Blog

धरमजयगढ़ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनेगा श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व … गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सहज पाठ की समाप्ति, भव्य शब्द-कीर्तन और गुरु का अटूट लंगर होगा आयोजित

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

सिख धर्म के प्रथम गुरु, महान संत एवं मानवता के सच्चे मार्गदर्शक साहिब श्री गुरु नानक देव जी का पावन प्रकाश पर्व आगामी 26 नवंबर 2026 को धरमजयगढ़ में श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर स्थानीय गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं संगत के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह सहज पाठ की समाप्ति होगी। इसके पश्चात गुरु महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए मनमोहक शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया जाएगा। कीर्तन के माध्यम से संगत गुरु नानक देव जी के जीवन, उनके आदर्शों और मानवता के कल्याण के लिए दिए गए महान उपदेशों का स्मरण करेगी।

कार्यक्रम में दोपहर 1:30 बजे शब्द-कीर्तन की समाप्ति के पश्चात गुरु महाराज के चरणों में अरदास की जाएगी। इसके उपरांत गुरु का अटूट लंगर बरताया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु एक साथ बैठकर गुरु का प्रसाद ग्रहण करेंगे।

मानवता, समानता और भाईचारे का दिया था संदेश

उल्लेखनीय है कि श्री गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, सत्य, ईमानदारी, सद्भावना, समानता और निस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। उनका पावन संदेश ‘एक ओंकार, सतनाम’ आज भी पूरी मानवता को एकता के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी मनुष्यों को समान मानने तथा जरूरतमंदों की सेवा करने का संदेश दिया। उनके बताए आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा की नगरवासियों से अपील

इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, धरमजयगढ़ की ओर से नगर के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं-बहनों, युवाओं एवं बुजुर्गों को सपरिवार प्रकाश पर्व के आयोजन में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया गया है।

गुरुद्वारा प्रबंधन ने सभी नगरवासियों से आग्रह किया है कि 26 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें तथा शब्द-कीर्तन और गुरु के अटूट लंगर में शामिल होकर सेवा, समर्पण एवं भाईचारे की इस पावन परंपरा का हिस्सा बनें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts