छत्तीसगढ़

कांग्रेस पहले अपने गिरेबान में झांके, फिर भाजपा के अनुशासन पर सवाल उठाए : गोकुल यादव

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल यादव ने कांग्रेस द्वारा भाजपा के संगठन और नगर में विकास कार्यों को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा के संगठन की चिंता करने के बजाय पहले अपने संगठन और अपने कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक संगठन है और पार्टी के आंतरिक विषयों तथा कार्यकर्ताओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए संगठन की निर्धारित प्रक्रिया और उचित मंच मौजूद हैं। गोकुल यादव ने कहा कि भाजपा में किसी भी विषय पर निर्णय सड़क, सोशल मीडिया अथवा राजनीतिक बयानबाजी के आधार पर नहीं लिया जाता, बल्कि संगठनात्मक प्रक्रिया, तथ्यों और संबंधित स्तर पर चर्चा के बाद निर्णय होता है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा के अनुशासन पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन की स्थिति पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है कि कौन संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा है और कौन केवल राजनीतिक मुद्दा बनाने के लिए बयानबाजी कर रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याओं और संगठनात्मक विषयों पर पार्टी के भीतर ही गंभीरता से विचार किया जाता है।

विकास कार्यों को लेकर भाजपा ने रखी स्थिति स्पष्ट

नगर में विकास कार्यों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर गोकुल यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद से लगातार आवास निर्माण कार्य जारी है। जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल रहा है और पात्र हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण अथवा जारी है और आने वाले समय में विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।

बस स्टैंड की राशि वापसी पर भी दिया स्पष्टीकरण

बस स्टैंड के नव-निर्माण को लेकर उठ रहे सवालों पर गोकुल यादव ने कहा कि स्वीकृत राशि किसी विकास विरोधी कारण से वापस नहीं हुई है। उनके अनुसार तकनीकी खामियों के कारण राशि वापस की गई थी। चूंकि यह राशि डीएमएफ मद से स्वीकृत हुई थी, इसलिए इसे पुनः जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद नियमानुसार आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर बस स्टैंड के नव-निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि विकास कार्यों को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति फैलाने के बजाय तथ्यों को समझकर वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखी जाए। गोकुल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नगर और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विकास कार्य एक सतत प्रक्रिया है और आने वाले समय में नगर में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास को गति दी जाएगी।

उन्होंने अंत में कहा कि “विकास जारी है, विकास होता रहेगा। भाजपा सरकार जनता के हित और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts