जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर पंचायत धरमजयगढ़ में जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया। नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृति एवं निर्माण आदेश की प्रतियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर हितग्राहियों का गमछा और श्रीफल देकर सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 6 के पांच हितग्राहियों रिवी बाई, सरस्वती महंत, पूनम महंत, आशा एवं सोनिया को प्रधानमंत्री आवास निर्माण का आदेश प्रदान किया गया। आवास स्वीकृति का आदेश मिलने पर हितग्राहियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह योजना राहत और अपने स्वयं के सुरक्षित घर के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार ने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को बेहतर और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाना नगर पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुसार पूरा कराने की बात कही।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी हितग्राहियों को आवास स्वीकृति मिलने पर बधाई दी। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पक्का मकान मिलने से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आएगा और उन्हें बारिश, गर्मी तथा अन्य मौसम की परेशानियों से काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर पार्षद टारजन भारती, नरेश राठिया, अजय राठिया, एल्डरमैन अनिल पांडेय, नीरज अग्रवाल सहित नगर पंचायत के सीएमओ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई तथा आवास निर्माण की प्रक्रिया को लेकर मार्गदर्शन किया गया।
नगर पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रखने की बात कही गई है। वहीं आवास निर्माण आदेश प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने योजना का लाभ मिलने पर खुशी जताते हुए नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








