जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ वन मंडल के बोरो रेंज अंतर्गत वन विभाग ने लकड़ी से लदे एक माजदा ट्रक को पकड़कर जब्त किया है। जानकारी के अनुसार यह कार्यवाही कापू रोड दर्राघाट पर की गई, जहां ट्रक में आम की लकड़ी लोड होने की बात सामने आई है। कार्यवाही के बाद वाहन को जब्त कर काष्ठागार लाया गया, जहां पूरे मामले की जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ट्रक कापू क्षेत्र से आम की लकड़ी लोड कर रायपुर की ओर ले जाया जा रहा था। बोरो रेंजर पटेल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने वाहन को रोककर जांच की और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल शुरू की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आम सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ी की तस्करी लंबे समय से होती रही है। कापू रोड पर लकड़ी लदे वाहन अक्सर देखे जाते हैं, यहां तक कि पूर्व में एक लकड़ी लदा वाहन पलट भी चुका है। इसके बावजूद प्रभावी कार्यवाही नहीं होने की शिकायतें लगातार उठती रही हैं। बताया जा रहा है कि धरमजयगढ़ वन मंडल में आम की लकड़ी से जुड़े मामले में यह पहली बड़ी कार्यवाही मानी जा रही है। हालांकि, वन विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लकड़ी का परिवहन वैध दस्तावेजों के साथ किया जा रहा था या नहीं। फिलहाल वन विभाग ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर लकड़ी के स्रोत, परिवहन अनुमति और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।








