छत्तीसगढ़

धरमजयगढ़ अभिलेखागार में बाहरी लोगों की एंट्री पर उठे सवाल, राजस्व रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की आशंका

 

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ तहसील के अभिलेखागार (राजस्व रिकॉर्ड) शाखा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि रिकॉर्ड रूम में बाहरी लोगों की आवाजाही हो रही है, जिससे शासकीय राजस्व अभिलेखों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं ने इस मामले का विरोध करते हुए इसे नियमों के विपरीत बताया है।

जानकारी के अनुसार, रिकॉर्ड रूम में एक बाहरी व्यक्ति, जो पत्थलगांव निवासी बताया जा रहा है, स्वयं अंदर जाकर जमीन से संबंधित रिकॉर्ड खोजता हुआ देखा गया। आरोप है कि रिकॉर्ड रूम में इस प्रकार अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सरकारी अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ की आशंका भी उत्पन्न होती है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि अभिलेखागार में सुरक्षित राजस्व रिकॉर्ड अत्यंत महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज होते हैं। ऐसे में केवल अधिकृत कर्मचारियों को ही रिकॉर्ड रूम में प्रवेश और अभिलेख निकालने की अनुमति होनी चाहिए। यदि बाहरी लोगों को स्वतंत्र रूप से रिकॉर्ड देखने या निकालने दिया जा रहा है, तो यह गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का मामला है।

इस संबंध में अभिलेखागार प्रभारी ओगरे से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को रिकॉर्ड रूम में प्रवेश की अनुमति नहीं है और उनसे भी किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि कोई अनधिकृत व्यक्ति रिकॉर्ड रूम में घुसकर रिकॉर्ड देख रहा था या खोज रहा था, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच कर रिकॉर्ड रूम की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करता है या नहीं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts