जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में कथित रूप से अवैध कबाड़ कारोबार के संचालन को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिले में अवैध कारोबार पर सख्ती के निर्देश दिए जाने के बावजूद छाल थाना क्षेत्र के मुख्य चौक पर कथित अवैध कबाड़ का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर कथित अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्यवाही नहीं होने से लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार अवैध कबाड़ से लदे वाहनों पर अन्य थाना क्षेत्रों में कार्यवाही होती है, लेकिन छाल थाना क्षेत्र में संचालित कथित अवैध कबाड़ दुकानों पर कार्यवाही नहीं होने से प्रश्न खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि क्षेत्र में रेलवे और भारतमाला परियोजना के निर्माण कार्य चल रहे हैं तथा समय-समय पर लोहे के सामान की चोरी की घटनाओं और शिकायतों की जानकारी सामने आती रही है। उनका आरोप है कि चोरी का सामान कबाड़ के माध्यम से आसानी से खपाया जा सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि छाल थाना क्षेत्र में संचालित कथित अवैध कबाड़ कारोबार की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए, ताकि क्षेत्र में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।








