जोहार छत्तीसगढ़ | धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ के कापू रोड स्थित ग्राम खम्हार के चाल्हा चौक में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए भाजपा मंडल उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता धनेश्वर भट्ट ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से यहां शीघ्र गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) बनाने की मांग की है।
धनेश्वर भट्ट ने कहा कि चाल्हा चौक दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है, जहां अब तक कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस चौक पर अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है। एक घटना में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई थी। वहीं दूसरी घटना में एक तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर पैदल चल रही महिला को टक्कर मारी, उसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हाल ही में भी एक कार चालक ने तीन लोगों को टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। इस हादसे में तीनों मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हुए, हालांकि सौभाग्यवश उनकी जान बच गई।
धनेश्वर भट्ट ने कहा कि कापू रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि चाल्हा चौक के तीनों दिशाओं में गति अवरोधकों का निर्माण कराया जाए, ताकि वाहन चालकों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाकर कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।








