जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
रायगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध अप्रवासियों एवं बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे बाहरी लोगों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में सघन जांच और सत्यापन अभियान चला रही है। पुलिस ऐसे सभी लोगों की पहचान कर रही है जो बाहर से आकर बिना मुसाफिर सूचना दर्ज कराए या बिना वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए क्षेत्र में निवास कर रहे हैं। ऐसे मामलों में नियमों के अनुरूप कड़ी कार्रवाई की जाएगी। धरमजयगढ़ पुलिस ने मकान मालिकों को भी स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किए किसी भी व्यक्ति को किराये पर न रखें। प्रत्येक किरायेदार की संपूर्ण जानकारी संबंधित थाना में देना अनिवार्य है। यदि कोई मकान मालिक इस नियम की अनदेखी करता पाया गया तो उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में रहने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति का रिकॉर्ड पुलिस के पास होना आवश्यक है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। धरमजयगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति बिना सत्यापन के रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हों, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।








