छत्तीसगढ़

पूर्व प्लेसमेंट कर्मचारी पर लाखों रुपये के टैक्स गबन का आरोप, FIR नहीं होने पर उठे सवाल


जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ नगर पंचायत में टैक्स वसूली का कार्य कर चुके पूर्व प्लेसमेंट कर्मचारी जवाहर खलखो पर लाखों रुपये की शासकीय टैक्स राशि जमा नहीं करने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर नगर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जवाहर खलखो लगभग डेढ़ वर्ष पहले नगर पंचायत की नौकरी छोड़ चुके हैं। बताया जा रहा है कि उनके द्वारा वसूले गए टैक्स की लाखों रुपये की राशि अब तक नगर पंचायत के खाते में जमा नहीं हुई है। इस संबंध में नगर पंचायत द्वारा उन्हें कई बार नोटिस जारी किए जाने की भी जानकारी मिल रही है, लेकिन इसके बावजूद राशि जमा नहीं कराई गई है।
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि शासकीय राशि का गबन या अनियमितता हुई है, तो संबंधित पूर्व कर्मचारी के खिलाफ अब तक पुलिस थाने में एफआईआर क्यों दर्ज नहीं कराई गई? आखिर कार्रवाई में देरी की वजह क्या है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं, तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि शासकीय राशि की वसूली हो सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts