जोहार छत्तीसगढ़ -जांजगीर-चांपा।
जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धाराशिव में युवक और युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटके शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक दो दिन पहले घर से निकला था। शुक्रवार को उसका शव गांव के पास खेत में एक पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। शव करीब दो दिन पुराना होने के कारण काफी हद तक सड़-गल चुका था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद युवती भी घटनास्थल पर पहुंची, जहां बाद में उसका शव भी उसी पेड़ से लटका मिला। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दोनों के बीच संबंध और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।








