छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल: धरमजयगढ़ के विकास कार्यों को 10.46 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रथम धरमजयगढ़ प्रवास के दौरान की गई विकास संबंधी घोषणाओं पर अमल शुरू हो गया है। राज्य शासन ने धरमजयगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 10 करोड़ 46 लाख 5 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस संबंध में शासन द्वारा 13 जुलाई को स्वीकृति आदेश जारी किया गया। बताया गया कि धरमजयगढ़ के विकास कार्यों को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव के नेतृत्व में भाजपा मंडल पदाधिकारियों, नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों एवं एल्डरमैनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मुलाकात कर नगर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल करते हुए अधोसंरचना मद से राशि स्वीकृत की गई।

इन विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

* वार्ड क्रमांक 9, दीपनगर में 2 करोड़ 87 लाख 43 हजार रुपये की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण।
* वार्ड क्रमांक 10, नराईटिकरा में 1 करोड़ 95 लाख 74 हजार रुपये की लागत से नेहरू गार्डन का विस्तार एवं जीर्णोद्धार।
* 5 करोड़ 62 लाख 88 हजार रुपये की लागत से कन्या हाई स्कूल से पीपरमार चौक तक गौरव पथ का निर्माण।

इन विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत होने पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया तथा भाजपा जिला अध्यक्ष अरुणधर दीवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से धरमजयगढ़ के शहरी विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts