जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पोटेबिरनी स्थित जर्जर आंगनबाड़ी भवन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार ने ग्रामीणों के साथ स्थल का निरीक्षण कर वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और शासन से भवन की मरम्मत अथवा नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार आंगनबाड़ी भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सुरक्षा कारणों से अभिभावक बच्चों को वहां भेजने से कतरा रहे हैं। वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन एक ग्रामीण के घर के परछी में किया जा रहा है, जिससे बच्चों और कार्यकर्ताओं को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि विधायक विद्यावती सिदार ने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया था। वहीं, विधानसभा में आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर सरकार की ओर से जानकारी प्रस्तुत की गई थी। ऐसे में पोटेबिरनी के जर्जर भवन की स्थिति को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं को देखते हुए शासन को जल्द से जल्द इस भवन की मरम्मत या नया भवन स्वीकृत करना चाहिए। वहीं, क्षेत्र में कुछ लोगों का यह भी कहना है कि आंगनबाड़ी भवनों की समस्या कई वर्षों से बनी हुई है और पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भी इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका मानना है कि इस मुद्दे पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से अधिक जरूरी बच्चों के लिए सुरक्षित और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अब देखना होगा कि शासन इस मांग पर कितना जल्द निर्णय लेकर पोटेबिरनी के बच्चों को सुरक्षित आंगनबाड़ी भवन की सौगात देता है।








