जोहार छत्तीसगढ़ | धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ विकासखंड के सिसरिंगा स्थित बंजारी मंदिर के पास रहने वाले नरसिंह के मकान को भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे ब्लास्टिंग कार्य से क्षति पहुंचने की आशंका के चलते डीबीएल (DBL) कंपनी द्वारा 5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति राशि दी गई है। डीबीएल कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने प्रेस से चर्चा करते हुए कहा कि कुछ लोगों में यह भ्रम फैल गया है कि नरसिंह को मुआवजा राशि दी गई है, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुआवजा राशि प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रदान की जाती है, जबकि नरसिंह को कंपनी और उनके बीच हुए आपसी अनुबंध के आधार पर क्षतिपूर्ति राशि दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, ब्लास्टिंग से मकान को संभावित नुकसान को देखते हुए यह समझौता किया गया था और उसी के तहत 5 लाख रुपये का भुगतान किया गया। उन्होंने बताया कि इस अनुबंध के अनुसार अब नरसिंह को कंपनी की ओर से किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि देय नहीं है। इस संबंध में dbl कंपनी ने लोगों से अपील की कि मुआवजा और क्षतिपूर्ति राशि को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति न फैलाएं तथा तथ्यों के आधार पर ही जानकारी साझा करें।








