जोहार छत्तीसगढ़ – लैलूंगा।
लैलूंगा क्षेत्र में लंबे समय से जियो नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लैलूंगा को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र में जियो नेटवर्क लगातार खराब रहने से हजारों उपभोक्ताओं को कॉलिंग, इंटरनेट उपयोग और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा, व्यापार, बैंकिंग एवं शासकीय कार्यों के लिए इंटरनेट आज एक आवश्यक सेवा बन चुका है, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण आम नागरिकों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई उपभोक्ताओं ने जियो के ग्राहक सेवा केंद्र (कस्टमर केयर) से संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। साथ ही लैलूंगा स्थित जियो कार्यालय भी अधिकांश समय बंद रहने से उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने और समस्या के निराकरण में कठिनाई हो रही है। क्षेत्र में जियो सेवा से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी अथवा प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं होने की बात भी कही गई है। पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने एसडीएम से मांग की है कि संबंधित कंपनी एवं विभाग को आवश्यक निर्देश जारी कर लैलूंगा क्षेत्र में जियो नेटवर्क की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुचारु दूरसंचार सेवाएं मिल सकें।








