छत्तीसगढ़

चंद घंटों में सुलझी महिला हत्या की गुत्थी, पति निकला हत्यारा, धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

जोहार छत्तीसगढ़ | धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में एक महिला का शव नग्न अवस्था में झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि मृतका का अपने पति से विवाद हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी धरमजयगढ़ से भागने की फिराक में शराब दुकान के आसपास देखा गया है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान राजकुमारी चौहान के रूप में हुई है, जो धरमजयगढ़ स्थित शारदा रेस्टोरेंट में बर्तन धोने का कार्य करती थी।
आरोपी मोहब्बत चौहान ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी ने मोबाइल फोन गिरवी रख दिया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में उसने पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एएसआई मंजू मिश्रा, राम संजीवन वर्मा, गंगा राम भगत, प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी तथा आरक्षक ललित राठिया मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। तत्परता से कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts