छत्तीसगढ़

खस्ताहाल सड़क मरम्मत की मांग को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत का चक्का जाम

जोहार छत्तीसगढ़ – लैलूंगा।
लैलूंगा क्षेत्र के राजपुर बाजार के पास वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर पूर्व भाजपा नेता रवि भगत ने रविवार को चक्का जाम कर आंदोलन शुरू कर दिया। भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद से रवि भगत लगातार क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं।
रवि भगत ने बताया कि उन्होंने पहले ही एसडीएम लैलूंगा को ज्ञापन सौंपकर 11 जुलाई तक सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की थी। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि यदि तय समय सीमा तक सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो 12 जुलाई को राजपुर में चक्का जाम किया जाएगा।
निर्धारित समय तक सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर रवि भगत अपने समर्थकों के साथ रविवार सुबह से ही राजपुर बाजार के पास सड़क पर बैठकर चक्का जाम आंदोलन पर उतर गए। आंदोलन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
रवि भगत का कहना है कि क्षेत्र के लोग वर्षों से खराब सड़क के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि चक्का जाम के कारण यदि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी, क्योंकि पूर्व सूचना और पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद सड़क मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर क्षेत्रवासियों को राहत देने की मांग की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts