जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ के नीचेपारा में मानवता और गौसेवा का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। लगभग 45 फीट गहरे कुएं में गिरे एक गाय के बछड़े को कामधेनु सेना की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, नीचेपारा निवासी विकास शुक्ला ने कामधेनु सेना के सदस्य सोनू ठाकुर को फोन कर सूचना दी कि एक गाय का बछड़ा गहरे कुएं में गिर गया है। सूचना मिलते ही सोनू ठाकुर ने इसकी जानकारी कामधेनु सेना के प्रदेश महासचिव नारायण बाईन को दी। सूचना मिलते ही नारायण बाईन अपने सहयोगी गुल्टन के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। निरीक्षण करने पर पता चला कि बछड़ा लगभग 45 फीट गहरे कुएं में फंसा हुआ है। इसके बाद टीम ने आसपास के लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी प्रयास के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बछड़े के सुरक्षित बाहर निकलते ही स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और कामधेनु सेना की तत्परता एवं साहस की सराहना की। इस सफल रेस्क्यू अभियान में स्थानीय नागरिकों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।








