करांची । उत्तर पश्चिम पाकिस्तान में एक मुफ्ती को नोबल पुरस्कार से सम्मानित मलाला यूसुफजई को शादी पर उनकी हालिया टिप्पणी को लेकर उन्हें आत्मघाती हमले में मारने की धमकी देने और लोगों को उनपर हमला करने के लिए उकसाने के आरोप में आतंकवाद निरोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया गया है।
लक्की मारवत जिला पुलिस ने खैबर पख्तूनख्वा के मुफ्ती सरदार अली हक्कानी के घर पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ज्ञात हो कि अपने एक साक्षात्कार में 23 वर्षीय मलाला यूसुफजई ने कहा था कि उन्हें पक्के तौर पर नहीं पता कि वह कभी शादी करेंगी भी या नहीं। उन्होंने कहा कि किसी पुरुष के निकट आने के लिए शादी की शर्त अनिवार्य नहीं होनी चाहिए। उनके इस बयान पर कट्टरपंथी धार्मिक समुदाय ने भारी गुस्सा जताया था।
हक्कानी प्रांत के नौशेरा इलाके का बाशिंदा है, लेकिन जब पुलिस ने उसे पकड़ा तो वह लक्की मारवत इलाके के पिज़ो में था। वह जाहिर तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा था। हक्कानी पर लोक व्यवस्था बनाए रखना अधिनियम और आतंकवाद रोधी अधिनियम के तहत आरोप लगाया गए हैं।
प्रांतीय असेम्बली में विपक्षी पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के सदस्य साहिबज़ादा सनाउल्लाह ने सरकार से मांग की है कि इस बात की जांच की जाए कि उन्होंने शादी को लेकर टिप्पणी की है या नहीं। खबर में कहा गया है कि पीपीपी एवं मजहबी-राजनीतिक पार्टियों गठबंधन मुत्ताहिदा मजिलिस-ए-अमल ने भी उनके परिवार से मुद्दे पर स्थिति साफ करने को कहा है।



