छत्तीसगढ़

मंडल भाजपा की मासिक बैठक में युवा मोर्चा अध्यक्ष की गैरहाजिरी पर जिला अध्यक्ष नाराज

जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ के यादव भवन, जेलपारा में 17 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी मंडल धरमजयगढ़ की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, शक्ति केंद्रों की नियमित बैठक कराने तथा पार्टी के कार्यक्रमों में पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष अरूणधर दीवान ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह में शक्ति केंद्रों की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ सुनने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी के सरल ऐप से जोड़ने पर जोर दिया गया।

पदाधिकारियों की गैरहाजिरी पर जताई नाराजगी

मासिक बैठक में मंडल के कुछ पदाधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर जिला अध्यक्ष अरूणधर दीवान ने नाराजगी जाहिर की। बताया गया कि युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के बैठक में उपस्थित नहीं होने को लेकर भी संगठन स्तर पर नाराजगी सामने आई। जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन की बैठकों में जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों की उपस्थिति बेहद महत्वपूर्ण है। पदाधिकारी ही यदि बैठक और संगठनात्मक गतिविधियों से दूर रहेंगे तो जमीनी स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों को गति देना मुश्किल होगा।
जिला अध्यक्ष ने मंडल पदाधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी कहा गया कि यदि भविष्य में शक्ति केंद्र प्रभारी अथवा मंडल के पदाधिकारी संगठन की महत्वपूर्ण बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहते हैं तो उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाए और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में पद से इस्तीफा लेने की कार्रवाई की जाए।

संगठन को मजबूत करने पर जोर

बैठक के दौरान पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, शक्ति केंद्रों की सक्रियता और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जोड़ने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती केवल बैठकों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन के कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाएं।
मासिक बैठक में पदाधिकारियों की जवाबदेही और नियमित उपस्थिति को लेकर जिला नेतृत्व के सख्त रुख से यह स्पष्ट संदेश गया कि संगठनात्मक जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों को पार्टी के कार्यक्रमों और बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लेना होगा।
बैठक में मंडल भाजपा के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts