जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में आज फिर एक सड़क हादसा सामने आया है। नागदरहा के पास कार को बचाने के चक्कर में एक कोयला लोड टेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे में टेलर चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कार धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रही थी, जबकि कोयला लोड टेलर रायगढ़ से धरमजयगढ़ की ओर आ रहा था। नागदरहा के पास दोनों वाहन आमने-सामने आने पर टेलर चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, इसी दौरान टेलर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। वहीं कार भी सड़क से नीचे उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे के बाद टेलर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालने का प्रयास कर रही है। वहीं धरमजयगढ़ थाना से एएसआई गंगाराम भगत भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। गौरतलब है कि कल भी खड़गांव के पास माजदा और कैप्सूल वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी, जिसमें वाहन में फंसे लोगों को पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया था। लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल हादसे में चालक की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








