जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ नगर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं ने आम लोगों के साथ-साथ पुलिस की चिंता भी बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग युवक लंबे समय से चोरी की घटनाओं में संलिप्त बताया जा रहा है और आए दिन किसी न किसी स्थान पर वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर रहा है।
बताया जा रहा है कि 1 अगस्त की रात धरमजयगढ़ बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित दो दुकानों के ताले तोड़ने का प्रयास किया गया। हालांकि चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका, लेकिन उसकी पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दिखाई देने वाला नाबालिग इससे पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, ऐसी चर्चा स्थानीय लोगों के बीच है।
नगरवासियों का कहना है कि छोटी-छोटी घटनाओं पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ता जाता है। लोगों ने उदाहरण देते हुए बताया कि धरमजयगढ़ के तुर्रापारा क्षेत्र का एक युवक भी किशोरावस्था में लगातार चोरी और अन्य अपराधों में शामिल रहा था। नाबालिग होने के कारण उसे कई बार बाल सुधार गृह भेजा गया, लेकिन कुछ समय बाद रिहा होने के बाद वह पुनः अपराध की राह पर लौटता रहा। बाद में उस पर गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप भी लगे। वर्तमान में संबंधित युवक के विरुद्ध पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की गई है।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि अपराध की शुरुआत में ही रोकथाम के लिए केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर भी प्रयास आवश्यक हैं। लोगों ने सुझाव दिया है कि ऐसे मामलों में नाबालिगों के अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी जाए तथा उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ी और गंभीर घटना न हो।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए व्यापारियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।








