जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
धरमजयगढ़ भाजपा की टीम ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष गोकुल नारायण यादव के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने नगर पंचायत धरमजयगढ़ में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को नगर पंचायत के नवनियुक्त एल्डरमैन नीरज अग्रवाल एवं संतोष सारथी से परिचय कराया गया। दोनों एल्डरमैन ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने दोनों से कुछ समय चर्चा कर क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं की जानकारी ली।
प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सरकार, उपाध्यक्ष जगन्नाथ यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत लाल साहू, पार्षद विजय यादव, अर्चना अभिनाश एक्का, अजय राठिया, नरेश राठिया, एल्डरमैन नीरज अग्रवाल, संतोष सारथी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भेंट के बाद भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद धरमजयगढ़ नगर पंचायत में लंबे समय से रुके विकास कार्यों को गति मिलेगी और क्षेत्र के नागरिकों को इसका लाभ प्राप्त होगा।








