छत्तीसगढ़

मलका कंपनी ने कर दिया नगर पंचायत की सड़क का बंटाधार, अब वार्डवासी आंदोलन की तैयारी में

धरमजयगढ़-जोहार छत्तीसगढ़।

धरमजयगढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में स्थित सीसी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि दमाश स्थित मलका जल विद्युत कंपनी के भारी वाहनों के लगातार आवागमन से नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। अब सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि उस पर चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाई गई थी, लेकिन कंपनी के भारी वाहनों का लगातार उपयोग होने से सड़क बुरी तरह टूट गई। उनका आरोप है कि जब कंपनी के वाहन इस मार्ग से गुजर रहे थे, तब जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने कई बार कंपनी प्रबंधन से इस सड़क का उपयोग नहीं करने का आग्रह किया था। उस समय कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया था कि यदि सड़क क्षतिग्रस्त होती है तो उसका निर्माण या मरम्मत कंपनी द्वारा कराया जाएगा। लेकिन अब सड़क खराब होने के बाद कंपनी इस ओर ध्यान नहीं दे रही है और ग्रामीणों की बात भी नहीं सुनी जा रही है।

आंदोलन की चेतावनी

वार्ड क्रमांक 13 के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि मलका कंपनी जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराती है तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क का शीघ्र निर्माण चाहिए ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। अब देखना होगा कि कंपनी ग्रामीणों की मांग पर सड़क की मरम्मत कराती है या फिर उसे स्थानीय लोगों के विरोध और आंदोलन का सामना करना पड़ता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts