जोहार छत्तीसगढ़ -धरमजयगढ़।
उरगा से पत्थलगांव तक भारतमाला परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य डीबीएल कंपनी द्वारा किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत सिसरिंगा घाट के पास पहाड़ की ब्लास्टिंग की गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में कुछ स्थानों पर क्षति होने की बात सामने आई है। इसी को देखते हुए डीबीएल कंपनी ने बंजारी मंदिर समिति को लिखित आश्वासन दिया है कि सड़क निर्माण के दौरान यदि मंदिर को किसी भी प्रकार की क्षति होती है, तो उसकी मरम्मत कराई जाएगी तथा मंदिर का सौंदर्यीकरण भी कंपनी द्वारा कराया जाएगा। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बंजारी मंदिर का रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक विकास कार्य कर उसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा। वहीं, मंदिर परिसर के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय सड़क निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया है। इस संबंध में डीबीएल कंपनी ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को लिखित आवेदन देकर मंदिर के आसपास उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा सके। मंदिर समिति ने कंपनी के लिखित आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण के साथ-साथ धार्मिक स्थल के संरक्षण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।








