छत्तीसगढ़

कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष ऋतुराज सिंह ठाकुर समेत 12 लोगों पर एफआईआर, वाहन चालकों से अवैध वसूली का आरोप

जोहार छत्तीसगढ़-धरमजयगढ़।

धरमजयगढ़ विधानसभा के विधायक लालजीत सिंह राठिया के करीबी धरमजयगढ़ कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष ऋतुराज सिंह ठाकुर समेत 12 लोगों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि वाहन चालकों से प्रति माह अवैध रूप से राशि वसूली जा रही थी। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों द्वारा मजदूर एकता सेवा समिति संगठन के नाम पर वाहन चालकों से कथित रूप से 700 रुपये प्रति माह की मांग की जाती थी। राशि नहीं देने पर वाहन चलाने से रोकने और धमकी देने का आरोप भी शिकायत में उल्लेखित है। दर्ज एफआईआर में आरोपी के रूप में ऋतुराज सिंह ठाकुर सहित अजय सिंह ठाकुर, बलविन्द्र सिंह, बोधन चौहान, रामकुमार जांगड़े, पुष्पलाल महंत, संजय पटेल, देवेंद्र कंवर, चुरामणी राठिया, खिरराज सिंह, दुर्गा उरांव और धनश्याम उरांव के नाम शामिल है। पुलिस दस्तावेज के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है अब जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप

कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष का नाम एफआईआर में आने के बाद क्षेत्र की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष इसे लेकर हमलावर हो सकता है, वहीं अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे की कार्यवाही पर टिकी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts