जयपुर: दिल्ली ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां लगातार एक्शन मोड में हैं और लगातार गिरफ्तारियां की जा रही हैं. इसी क्रम में सीआईडी इंटेलिजेंस यूनिट ने राजस्थान के श्रीगंगानगर से एक आईएसआई एजेंट को गिरफ्तार किया है. आरोपी राजस्थान, पंजाब और गुजरात के सैन्य इलाकों से भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारी जुटाकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI को भेज रहा था.
गिरफ्तार एजेंट की पहचान पंजाब के फिरोजपुर निवासी प्रकाश सिंह उर्फ बादल (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई है. जयपुर सीआईडी इंटेलिजेंस के आईजी प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि 27 नवंबर को साधूवाली सैन्य स्टेशन के आसपास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी. बॉर्डर इंटेलिजेंस टीम ने उसे हिरासत में लेकर मोबाइल जांच की, जिसमें पाकिस्तानी वाट्सऐप नम्बरों से चैटिंग के प्रमाण मिले.
पूछताछ में प्रकाश सिंह ने कबूला कि वह ऑपरेशन सिंदूर के समय से लगातार ISI के संपर्क में था और सेना के वाहनों की मूवमेंट, सैन्य संस्थानों की जानकारी, सीमावर्ती इलाकों की भू-स्थिति, पुल, सड़क, रेलवे लाइन व निर्माण कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएँ पाकिस्तान भेजता था.
भारतीय मोबाइल नंबरों के OTP भी देता था ISI को
जांच में यह भी सामने आया कि वह पाकिस्तान के कहने पर भारतीयों के नाम पर जारी मोबाइल नंबरों के ओटीपी पाकिस्तानी एजेंटों को भेजता था. इन ओटीपी का इस्तेमाल कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट भारतीय नंबरों पर व्हॉट्सऐप सक्रिय कर जासूसी और अन्य अवैध गतिविधियाँ करते थे। इसके बदले प्रकाश को मोटी रकम मिलती थी.
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पूरी जांच और मोबाइल डेटा की पुष्टि के बाद जयपुर में मामला दर्ज किया गया और प्रकाश सिंह उर्फ बादल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया. खुफिया एजेंसियाँ उससे पूछताछ जारी रखे हुए हैं.



