जोहार छत्तीसगढ़ – धरमजयगढ़।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता सतेंद्र विश्वकर्मा के साथ रघुनाथपुर के पास झूमाझटकी और कथित लूटपाट की घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा अपनी निजी कार से अंबिकापुर से धरमजयगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान एक कार क्रमांक सीजी 04 क्यूपी 1093 में सवार 3-4 अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और उनके साथ झूमाझटकी करने लगे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान हुई हाथापाई में कार्यपालन अभियंता सतेंद्र विश्वकर्मा के गले और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। विश्वकर्मा ने बताया कि झूमाझटकी के दौरान उनके गले की चांदी की चेन तथा जेब में रखे लगभग 4 से 5 हजार रुपये या तो गिर गए या फिर बदमाश अपने साथ ले गए। घटना के बाद कार्यपालन अभियंता सतेंद्र विश्वकर्मा शिकायत दर्ज कराने धरमजयगढ़ थाना पहुंचे। हालांकि पुलिस ने उन्हें बताया कि घटना अंबिकापुर क्षेत्र में हुई है, इसलिए संबंधित घटनास्थल के थाना क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई।








