छत्तीसगढ़

कोरबा जिले के करतला विकासखंड के कमरन गांव के लोग आज भी मोबाइल सेवा से दूर

जोहार छत्तीसगढ़ -कोरबा।

डिजिटल युग में जहां देश तेजी से तकनीकी विकास की ओर बढ़ रहा है, वहीं कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम कमरन के ग्रामीण आज भी मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी संचार सुविधा से वंचित है। गांव में मोबाइल नेटवर्क की समस्या वर्षों से बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में मोबाइल सिग्नल नहीं मिलने के कारण फोन कॉल करने और इंटरनेट का उपयोग करने के लिए उन्हें गांव से दूर ऊंचे स्थानों या अन्य क्षेत्रों में जाना पड़ता है। आपातकालीन स्थिति में यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि समय पर संपर्क नहीं हो पाने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मोबाइल नेटवर्क की कमी का असर विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की जानकारी प्राप्त करने तथा सरकारी योजनाओं से जुडऩे पर भी पड़ रहा है। ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ते दौर में कमरन गांव के लोग खुद को विकास की मुख्यधारा से कटे हुए महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं दूरसंचार कंपनियों से गांव में मोबाइल टॉवर स्थापित कर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संचार सुविधा आज की मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल हो चुकी है और कमरन गांव को इससे वंचित रखना उचित नहीं है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे गांव के लोगों को बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा मिलेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts