जोहार छत्तीसगढ़-बेमेतरा।
बेमेतरा जिले के नवागढ़ नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 13 में सड़क निर्माण कार्य तो पूरा कर दिया गया, लेकिन नाली निर्माण अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। करीब दो माह पहले सड़क का निर्माण किया गया था, वहीं नाली बनाने के नाम पर सड़क के दोनों ओर गहरी खुदाई कर छोड़ दी गई है। इससे क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी नाली के कारण घरों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। कई परिवारों ने आने-जाने के लिए लकड़ी और अस्थायी पुल का सहारा लिया हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि अब तक मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तक नहीं आए हैं। युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के सक्रिय नेता परमेश्वर पात्रे ने अधूरे निर्माण कार्य पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नाली निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्य पूरा नहीं कराया गया तो आगामी दिनों में उच्च स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह मार्ग नवागढ़ को तोरा, बरबसपुर, बाघुल, बघली, टुरासिमरिया और अंधियारखोर जैसे बड़े गांवों से जोड़ता है। सड़क के दोनों ओर पानी भरे रहने से नई सड़क समय से पहले ही क्षतिग्रस्त हो सकती है। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पंचायत प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य पूरा कराने और क्षेत्र में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।








