जोहार छत्तीसगढ़-बेमेतरा।
नवागढ़ मुख्यालय में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर आम जनता में भारी नाराजग़ी देखने को मिल रही है। क्षेत्र में मौजूद 4 पेट्रोल पंपों में से केवल 1 पंप पर ही पेट्रोल और डीजल मिलने की जानकारी सामने आई है, जबकि बाकी 3 पेट्रोल पंप बंद बताए जा रहे हैं। इससे आम नागरिकों, किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर जिला प्रशासन बेमेतरा की ओर से सोशल मीडिया पर जारी अपील में कहा गया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सामान्य रूप से खरीदारी करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन की अपील
जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है।
* कृपया अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सामान्य रूप से खरीदारी करें।
* आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है, कहीं कोई कमी नहीं है।
* शांति बनाए रखें, सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
* शांत रहें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। जिला प्रशासन आपके साथ है।
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, तो फिर नवागढ़ में अधिकांश पेट्रोल पंप बंद क्यों हैं, लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर आम जनता और किसानों को ईंधन उपलब्ध क्यों नहीं कराया जा रहा। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई लोग घंटों तक लाइन में लगने के बाद भी बिना पेट्रोल-डीजल के वापस लौटने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि खेती और परिवहन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब बड़ा सवाल यह है कि यदि पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, तो क्या बंद पड़े पेट्रोल पंपों के संचालनकर्ताओं पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा, और क्या आम जनता को जल्द पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जाएगा, फिलहाल पूरे मामले को लेकर लोगों में असमंजस और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।








